Skip to content

यह पृष्ठ हिंदी में है।

Read in English

JEE (Main) · हिंदी में

JEE की तैयारी कैसे करें: पैटर्न से प्लान तक

JEE Main में 75 प्रश्न, 300 अंक और 3 घंटे होते हैं — फ़िज़िक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स में 25-25 (20 बहुविकल्पी + 5 न्यूमेरिकल), दोनों हिस्सों में सही पर +4 और ग़लत पर −1। तैयारी का तरीक़ा: हर अध्याय NCERT से, हर अध्याय के बाद प्रश्न, भारी अध्याय दोबारा, फिर पिछले पेपर और मॉक टेस्ट। आख़िरी जाँच: 28 अक्टूबर 2026।

परीक्षा

JEE Main (पेपर 1) का पैटर्न।

प्रश्न75, सभी अनिवार्य
हर विषय25: Section A में 20 बहुविकल्पी · Section B में 5 न्यूमेरिकल
समय3 घंटे (180 मिनट)
अंक300 — सही +4, ग़लत −1, छोड़ा हुआ 0, दोनों सेक्शन में
सेशनसाल में दो (जनवरी, अप्रैल); बेहतर स्कोर गिना जाता है

सेशन 1 की सारी तारीख़ें: JEE Main 2027 registration (अंग्रेज़ी में)।

प्लान

तैयारी के चार चरण।

प्लान परीक्षा की तारीख़ से पीछे की ओर गिनें। समय कम हो तो चरण छोटे होंगे, पर छूटेंगे नहीं।

  1. नींव: हर अध्याय एक बार, NCERT से, और हर अध्याय के बाद उसी दिन प्रश्न। मैथ्स में रोज़ अभ्यास — बिना हल किए मैथ्स नहीं आती।
  2. पक्का करना: भारी अध्याय दूसरी बार, अलग-अलग अध्यायों के मिले-जुले प्रश्न, और न्यूमेरिकल का अलग अभ्यास (उत्तर पूर्णांक में)।
  3. पिछले पेपर: JEE Main के पिछले शिफ़्ट पेपर, समय लगाकर — हर शिफ़्ट का पेपर अलग होता है, इसलिए अभ्यास के लिए बहुत पेपर हैं।
  4. मॉक और विश्लेषण: असली समय पर पूरे मॉक, और हर मॉक के बाद ग़लतियों की सूची — अगले हफ़्ते का काम वहीं से तय होता है।

पिछले पेपरों से

जिन अध्यायों से सबसे ज़्यादा प्रश्न आए।

हमारे पास मौजूद 2020 से 2025 के 111 शिफ़्ट पेपरों में, सबसे ज़्यादा पूछे गए अध्याय:

अध्यायविषयप्रश्न (111 पेपर)
Integral Calculusमैथ्स312
Matrices and Determinantsमैथ्स238
Opticsफ़िज़िक्स237
Electrostaticsफ़िज़िक्स237
Three Dimensional Geometryमैथ्स224
Organic Chemistry: Some Basic Principles and Techniquesकेमिस्ट्री216
Coordination Compoundsकेमिस्ट्री176

हर अध्याय का साल-दर-साल हिसाब JEE Main PYQ chapter-wise पर है (अंग्रेज़ी में)।

सवाल

JEE की तैयारी के बारे में।

JEE Main में कितने सेशन होते हैं?

दो — पहला जनवरी में और दूसरा अप्रैल में। आप एक या दोनों दे सकते हैं; रैंक के लिए दोनों में से बेहतर NTA स्कोर गिना जाता है। JEE Main 2027 सेशन 1 की परीक्षा 20 से 24 और 28 जनवरी 2027 को है।

क्या JEE Main हिंदी में दे सकते हैं?

हाँ। JEE (Main) हिंदी समेत कई भाषाओं में होता है। हिंदी चुनने पर प्रश्न हिंदी और अंग्रेज़ी दोनों में मिलते हैं, इसलिए मुख्य शब्द अंग्रेज़ी में भी जानना अच्छा है।

क्या Section B (न्यूमेरिकल) में भी नेगेटिव मार्किंग है?

हाँ। अब हर विषय में 5 न्यूमेरिकल प्रश्न अनिवार्य हैं, और ग़लत उत्तर पर −1 अंक कटता है। पहले 10 में से 5 करने होते थे और ग़लत पर अंक नहीं कटते थे — वह आदत अब नुक़सान करती है। उत्तर पूर्णांक (integer) में भरना होता है।

JEE Main और JEE Advanced में क्या फ़र्क़ है?

JEE Main से NIT, IIIT और कई दूसरे संस्थानों में प्रवेश होता है, और इसके अच्छे स्कोर वाले छात्र (लगभग ढाई लाख) JEE Advanced दे सकते हैं, जिससे IIT में प्रवेश होता है। तैयारी एक ही सिलेबस से शुरू होती है; Advanced में प्रश्न ज़्यादा गहरे होते हैं।

बिना कोचिंग JEE की तैयारी हो सकती है?

हाँ, अगर तीन चीज़ें नियमित हों: NCERT और एक अच्छी प्रश्न-किताब से हर अध्याय, रोज़ प्रश्न हल करना, और पिछले पेपर व मॉक टेस्ट का विश्लेषण। सरकार का मुफ़्त SATHEE प्लेटफ़ॉर्म और NTA की वेबसाइट भी काम आती हैं।

NEET की तैयारी कर रहे हैं? पढ़ें NEET की तैयारी कैसे करें

असली पैटर्न पर JEE Main मॉक, मुफ़्त।

20 बहुविकल्पी और 5 न्यूमेरिकल हर विषय में, +4 / −1। एक गैर-लाभकारी ट्रस्ट द्वारा। (प्रश्न अभी अंग्रेज़ी में हैं।)

मुफ़्त में शुरू करें